पिथौरागढ़। राजकीय शिक्षक संघ ने बिना पढ़ाई के विद्यालयों में कराई जा रही मासिक परीक्षा को सरकारी शिक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है। राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद भंडारी ने कहा है कि जनवरी माह में एक से 13 जनवरी तक शीतावकाश था। 14 जनवरी को विद्यालय खुले। 15 जनवरी को मकर संक्रांति का अवकाश था। इसके बाद 16 से 25 जनवरी तक समग्र शिक्षा अभियान के तहत शिक्षकों को दस दिवसीय सेवारत प्रशिक्षण में भेज दिया गया। 26 को गणतंत्र दिवस मनाया गया और 27 जनवरी को रविवार रहा। इस तरह से जनवरी माह में केवल एक दिन ही बच्चों की पढ़ाई हो पाई। जबकि विभाग की ओर से 28 एवं 29 जनवरी को मासिक परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं। एक दिन की पढ़ाई के बाद आयोजित परीक्षा से बच्चों का कितना मूल्यांकन होगा इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा सत्र के अंत में शिक्षकों के दस दिवसीय प्रशिक्षण पर भी सवाल खड़े किए हैं। ब्यूरो