पिथौरागढ़। खराब मौसम के कारण 11वें दिन भी दसवें दल के कैलाश यात्री गुंजी नहीं जा सके। उधर, सातवें दल के 33 यात्री पिछले दस दिनों से गुंजी में फंसे हैं। कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी करने के बाद आठवां दल भी गुंजी पहुंच गया है।
रविवार सुबह के समय जिले भर में बारिश थी। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके। इससे कैलाश यात्रा पर जा रहे 10वें दल के 24 यात्री 11वें दिन भी गुंजी नहीं जा सके। सभी यात्री केएमवीएन के टीआरएच में ठहरे हैं। उधर, हेलीकॉप्टर के उड़ान नहीं भरने के कारण यात्रा पूरी कर लौटे सातवें दल के 33 यात्री गुंजी में ही फंसे हैं।
यात्रा के नोडल अधिकारी दिनेश गुरुरानी ने बताया कि आठवां दल भी यात्रा पूरी करने के बाद गुंजी पहुंच गया है। कैलाश यात्रा पर जा रहा 11वां दल इस समय चौकोड़ी में है। 12वां दल अल्मोड़ा, जबकि 13वां दल भीमताल में रुका है। 9वां दल कैलाश मानसरोवर यात्रा की परिक्रमा पर है। खराब मौसम के कारण मार्ग पर फंसे कैलाश यात्रियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।