पिथौरागढ़। बुंगाछीना में एसबीआई का एटीएम खोलने की मांग को लेकर क्षेत्र के कई गांवों के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देवलथल में एटीएम खोला गया तो इसका विरोध किया जाएगा। बाद में उन्होंने इस संबंध में सीडीओ से भी वार्ता की।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि बुंगाछीना में एटीएम खोलने के लिए लीड बैंक, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक, पेयजल मंत्री प्रकाश पंत और केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा को पत्र दिया था। एटीएम खोलने के लिए एसबीआई देवलथल के प्रबंधक ने मार्च में कुछ दुकानों का सर्वे भी किया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना था कि इस संबंध में जब सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुमार ने उनसे मुलाकात की तो बताया गया कि एटीएम देवलथल बैंक के पास ही खुलेगा।
ग्रामीणों का कहना था कि पिथौरागढ़ से थल के बीच किसी भी कंपनी या बैंक का एटीएम नहीं है। इस मार्ग से पर्यटक आवागमन करते हैं। बुंगाछीना में एटीएम खुलने से कई गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। प्रदर्शन करने वालों में विजय कुमार, कमल किशोर, जगदीश कुमार, प्रधान अगन्या पुष्कर सिंह, कुंदन सिंह, संजय सिंह, मनोज कुमार, राजन बिष्ट, राहुल कुमार, गौरव, शंकर चंद, हरीश भट्ट आदि थे।