झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारत-नेपाल सीमा पर सामान की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होने से दूसरे दिन भी नेपाल को सामान नहीं जा पाया। इसके चलते बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। कुछ दिन और यदि दोनों देशों के बीच व्यापार प्रभावित रहा तो नेपाल के बैतड़ी, डडलधुरा आदि जगहों पर खाद्य सामग्री की किल्लत हो सकती है।
भारत सरकार की ओर से सामान के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तिथि चार जून कर दी गई थी। नेटवर्क की समस्या, कस्टम विभाग के पास कंप्यूटर आपरेटर नहीं होने, क्षेत्र में बदहाल इंटरनेट सेवा के चलते इसमें दिक्कत आ रही है। इन्हीं दिक्कतों के चलते नेपाल को दूसरे दिन भी राशन, सब्जियां, कपड़ा आदि नहीं जा पाया। झूलाघाट बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। कस्टम अधीक्षक ओपी शर्मा ने बताया कि उन्होंने लखनऊ कार्यालय को पत्र भेजा गया है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू हो जाएगी। ब्यूरो