पिथौरागढ़। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जिले के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। ओलावृष्टि और अंधड़ का भी सामना करना पड़ा। इससे देर शाम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। अंधड़ के चलते मुख्यालय समेत कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। रात में बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार शाम मुख्यालय में मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान पर काले बादल छा गए। बिजली की चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम के बिगड़ते ही बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। मुनस्यारी में शाम सात बजे से बारिश शुरू हो गई। गंगोलीहाट में देर शाम ओलावृष्टि और बारिश हुई।
गणाईगंगोली में देर शाम अंधड़ आने से बिजली गुल हो गई। अस्कोट में तूफान के साथ बारिश हुई। यहां भी बिजली आपूर्ति ठप हो गई। डीडीहाट में देर शाम अंधड़ के साथ बारिश हुई। इसके साथ ही बिजली गुल हो गई। झूलाघाट में भी अंधड़ के साथ बारिश हुई और बिजली गुल हो गई। रात को घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानी हुई।