मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। ईस्टर्न रामगंगा वैली हाइडिल पावर प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा तल्ला जोहार के ग्राम मडलकिया, दाफा में जाकुला नदी पर प्रस्तावित पांच विद्युत पावर प्रोजेक्टों को लेकर ग्रामीणों ने लामबंदी शुरू कर दी है। ग्रामीण पावर प्रोजेक्ट बनाने से पहले अपनी शर्तों को पूरा कराना चाहते हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
किसान क्लब बिर्थी के अध्यक्ष किशन सिंह बृथवाल, किसान क्लब मडलकिया के अध्यक्ष गोकर्ण सिंह के नेतृत्व में सोमवार को उपजिलाधिकारी कार्यालय के नाजिर उमेश जोशी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि प्रोजेक्ट शुरू होने से तीन महीने पहले ग्रामीणों की मांगों पर अमल हो जाना चाहिए। परियोजनाओं की डीपीआर प्रभावितों को हिंदी भाषा में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने गांव के लोगों की सुविधा अनुसार पेयजल की सुविधा दिए जाने, कंपनी में प्राथमिकता के अनुसार स्थानीय लोगों को योग्यतानुसार रोजगार उपलब्ध कराने, ग्रामीणों को नाप भूमि का मुआवजा तीन लाख रुपये प्रति नाली के हिसाब से देने की मांग उठाई।
चेतावनी दी कि मांग न माने जाने पर पावर प्रोजेक्ट नहीं बनने दिए जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में बिर्थी की प्रधान सीता देवी, मडलकिया के प्रधान चन्द्र राम, सरपंच गंगा सिंह, लछम सिंह, इंद्र धामी, सुंदर सिंह, हयात सिंह, केशर राम, इंद्र राणा, रतन सिंह, किशन बिर्थवाल, दरपान सिंह, धरम सिंह आदि शामिल थे।