पिथौरागढ़। न्यू बियरशीबा स्कूल पुलिस लाइन शाखा के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया। बच्चों ने मैया यशोदा गीत पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। पहाड़ी नृत्य के साथ नेपाली गीत और नृत्य की धूम रही। बिहू की प्रस्तुति को भी सराहा गया। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक एडवोकेट भुवन भाकुनी ने किया।
सरस्वती वंदना की सुंदर प्रस्तुति के बाद प्रीकेजी, केजी के विद्यार्थियों ने-मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया, गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। पहली, दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने कव्वाली, तीसरी, चौथी, पांचवीं के विद्यार्थियों ने भारत की विविध संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। छठी, सातवीं, आठवीं के विद्यार्थियों ने मैथोलॉजी पर आधारित कार्यक्रम, सातवीं, आठवीं के विद्यार्थियों ने पहाड़ी नृत्य पेश किया।
9वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने बिहू, 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने नेपाली नृत्य किया। 9वीं कक्षा के छात्र ललित प्रजापति ने एकल नारी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। एडवोकेट भाकुनी ने रेड हाउस को बेस्ट हाउस, पूजा जोशी और अभिषेक कुमार को बेस्ट प्लेयर का खिताब दिया। वर्ष 2016-17 की दसवीं की परीक्षा में 10 ग्रेड अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृतिचिन्ह और प्रमाण पत्र दिए गए।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में पहले तीन स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी भी सम्मानित किए गए। प्रधानाचार्य ममता मेहता ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान उप प्रधानाचार्य एम चौहान, शिक्षक, विद्यार्थी उपस्थित थे।