झूलाघाट/गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट की संचार सेवा दो दिन से ठप है। इस कारण मोबाइल और लैंडलाइन फोन भी ठप पड़े हैं। विभाग के कर्मचारियों को फोन करने पर उनका फोन भी बंद मिल रहा है। कस्बे में 100 से भी अधिक लैंडलाइन और 5000 से अधिक मोबाइल फोन धारक हैं।
संचार सेवा बंद होने से कस्बे के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरे क्षेत्र में बीएसएनएल के अलावा अन्य संचार कंपनी का कोई टावर नहीं है। हाल ही में माजिरकांडा के पास निजी कंपनी का टावर लगा है, लेकिन उसके सिग्नल यहां काम नहीं करते। व्यापार संघ के अध्यक्ष संजीव जोशी ने कहा कि झूलाघाट कस्बे की संचार सेवा की ओर विभाग का बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। यदि दो दिन में सेवा बहाल नहीं हुई तो टेलीफोन एक्सचेंज में तालाबंदी की जाएगी।
वहीं, गंगोलीहाट में बीएसएनएल की इंटरनेट (वाईमैक्स) सेवा खराब होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इंटरनेट सेवा पिछले पांच दिनों से खराब है। लोगों ने बीएसएनएल विभाग से शीघ्र इंटरनेट सेवा सुचारु करने की मांग की है। कहा कि शीघ्र ही इंटरनेट सेवा सुचारु नहीं हुई तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। वहीं, बीएसएनएल के एक्सचेंज प्रभारी लक्ष्मण सिंह बोरा ने बताया कि बीएसएनएल की वाईमैक्स सेवा में तकनीकी खराबी आने के कारण व्यवधान आया है। शीघ्र ही सेवा सुचारु कर दी जाएगी।