धारचूला (पिथौरागढ़)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय धामीगांव में तैनात प्रधानाध्यापिका हिरंदा कुटियाल दूरस्थ विद्यालय में तैनाती के बाद भी किसी प्रकार के तनाव में नहीं हैं। यह स्कूल तहसील मुख्यालय से नौ किमी की पैदल दूरी पर स्थित है।
हिरंदा ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया और 30 बच्चों को अपने खर्च से स्वेटर प्रदान किए। आमतौर पर शिक्षक दूरस्थ विद्यालय में तैनाती होने पर स्थानांतरण के जुगाड़ में लग जाते हैं और उनका बच्चों को पढ़ाने में मन नहीं लगता, लेकिन हिरंदा ने इस तरह की भ्रांति को तोड़ने का काम किया है।
हिरंदा ने बताया कि यदि दूरस्थ विद्यालयों से एक-एक कर शिक्षक जाते रहेंगे तो फिर इनमें पढ़ाने के लिए कौन रहेगा। गांव के बच्चों को पूरा अपनापन और स्नेह देने वाली हिरंदा पिछले सात साल से इस विद्यालय में सेवा दे रही हैं। वह बच्चों की यथासंभव मदद करती हैं। हर साल वह बच्चों को सर्दियां शुरू होते समय स्वेटर एवं गर्म कपड़े बांटती हैं।
समाजसेवी धन सिंह, स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष देव सिंह ने कहा कि यह प्रधानाध्यापिका कभी विद्यालय से अनुपस्थित नहीं रहती। विद्यालय में हमेशा विभिन्न कार्यक्रम होते हैं। इस कारण बच्चों में उत्साह बना रहता है। स्थापना दिवस पर हुए कार्यक्रम में शेर सिंह, भवान सिंह, देव सिंह, बसंती देवी आदि उपस्थित थे। संचालन सहायक अध्यापक जसवंत कार्की ने किया।