बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थल चौकोड़ी में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय कौतिक चौकोड़ी महोत्सव के दूसरे दिन कलाकारों ने बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन गोरखा राइफल्स के कर्नल पृथ्वीराज सिंह रावत ने किया। उन्होंने कौतिक के माध्यम से स्वच्छता और हरियाली पर जोर देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि आईटीबीपी के डीआईजी एपीएस निंबाडिया और स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी बहादुर सिंह धर्मशक्तू थे। महोत्सव समिति के संयोजक हरीश चुफाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर मनमोहक सांस्कृतिक झांकियां और कलश यात्रा निकाली गयी।
झांकी में छोलिया नर्तकों के अलावा स्कूली विद्यार्थी व अन्य लोग शामिल थे। पीजी कालेज बेड़ीनाग की छात्राओं ने वंदना और स्वागत गीत गाया। हिमालयन इंटर कालेज, द एशियन एकेडमी, गुरुकुल पब्लिक स्कूल धरमघर आदि स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुत किए। इस मौके पर दिव्यांग कलाकार सुंदर बाफिला, मोहित कुमार, कोनी पाठक, विक्रम कार्की आदि ने प्रस्तुति दी। सायंकालीन सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन विधायक मीना गंगोला ने किया।
बागेश्वर, डीडीहाट, कमस्यार घाटी व नरगोली की टीमें फाइनल में पहुंची
कौतिक चौकोड़ी महोत्सव में आयोजित की जा रही वालीबाल प्रतियोगिता में बागेश्वर, डीडीहाट, कमस्यार घाटी और नरगोली की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला वालीबाल संघ के अध्यक्ष किशोर साह ने किया। प्रतियोगिता के संयोजक मदन मोहन सिंह रावत हैं। बैडमिंटन प्रतियोगिता के सिंगल मुकाबले में तरुण पांडे और विनोद पाठक फाइनल में पहुंच गए हैं। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन युवा सामाजिक कार्यकर्ता मनीष पंत ने किया। प्रतियोगिता के संयोजक विनोद पाठक हैं।