थल (पिथौरागढ़)। सत्यालगांव और पुराना बाजार की पेयजल सप्लाई पांच दिन से ठप है। भारी बारिश के कारण पेयजल लाइन टूटने और मूल स्रोत में मलबा भरने से यह व्यवधान आया है। लोगों को प्राकृतिक स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। अव्यवस्था से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने शनिवार को जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। सत्यालगांव की पेयजल लाइन डीडीहाट जल संस्थान और पुराना बाजार की पेयजल लाइन बेड़ीनाग जलसंस्थान के अधीन आती है।
पांच दिन पहले भारी बारिश के दौरान पेयजल लाइन टूटने से सप्लाई ठप हो गई। लोगों ने सप्लाई ठप होने की जानकारी जल संस्थान के अधिकारियों को दी, लेकिन अब तक लाइनों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया है। लोगों ने कहा कि विभाग के अधिकारियों ने अब तक लाइनों का निरीक्षण तक नहीं किया है।
इधर, जल संस्थान के अवर अभियंता त्रिवेंद्र जोशी ने बताया कि टूटी लाइनों की मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाएगा और पेयजल सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। प्रदर्शन में राजू पंचपाल, कमलेश जोशी, बसंत लोहनी, नवीन कुमार, प्रकाश पंचपाल, पूरन मर्तोलिया, गोपाल राम, विजय भंडारी, गुड्डू पाठक आदि शामिल थे।