दिव्यांगों के मददगार शिक्षकों को मानदेय नहीं मिल रहा
पिथौरागढ़। दिव्यांगों को शिक्षा दिलाने में सहायता करने के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों में नियुक्त विशेष शिक्षकों को एक साल से मानदेय नहीं मिला है।
इन शिक्षकों ने विद्यालयी शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में मानदेय न मिलने से हो रही दिक्कतों को उठाया है। कहा है कि मानदेय न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। कहा है कि जिले में 37 शिक्षक पिछले चार साल से दिव्यांगों की शैक्षिक स्थिति का आकलन कर शासन को सूचना उपलब्ध करा रहे हैं। इसके लिए उन लोगों को माध्यमिक स्कूलों में जाना पड़ता है, इसका भी मानदेय उन्हें नहीं दिया जाता।
मंत्री को लिखे पत्र में विशेष शिक्षकों ने कहा है कि शासन ने उन लोगों का मासिक मानदेय 18000 रुपये तय किया था, लेकिन उन लोगों को 13070 रुपये ही दिए जा रहे थे। पिछले साल जून से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। कहा है कि उन लोगों को आउट सोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से रखा गया है। एजेंसी से हटाकर संविदा पर नियुक्ति दी जानी चाहिए। ज्ञापन में शिक्षक विनोद पांडेय, अवधेश सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।