पर्यटन के जरिए लोगों को रोजगार मिलेगा
पिथौरागढ़। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पर्यटन के जरिए लोगों को रोजगार से जोड़ने की बात कही है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश में पर्यटन पुलिस का गठन किया जा रहा है। पर्यटकों को बेहतर सुविधा दी जाएगी। पर्यटन पलायन पर रोक लगाने में मददगार साबित होगा। मंत्री ने पलायन रोकने के लिए गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग से अधिकारियों के मुखातिब पर्यटन मंत्री ने पहाड़ के गांवों से लगातार हो रहे पलायन पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पलायन रोकने के लिए दीर्घकालिक योजना पर काम करना होगा। पलायन के कारणों को जानना होगा। गांवों में पानी, स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा सुविधाएं जुटानी होंगी। कृषि और बागवानी के क्षेत्र में विशेष रूप से काम करना होगा। मंत्री ने महाराष्ट्र के सौराष्ट्र और राजस्थान के कई इलाकों का उदाहरण देते हुए कहा कि पानी के अभाव में वहां लोग पलायन कर गए। ऐसी स्थिति प्रदेश में न आए, इसके लिए गांवों का सर्वे करते हुए पलायन रोकने के उपाय करने होंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना को तैयार करते समय यह निर्धारित करना होगा कि योजना से कितने लोगों को रोजगार मिल रहा है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में मौजूद अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश, प्रमुख सचिव उमाकांत पंवार ने पर्यटन, तीर्थाटन को बढ़ावा देने के साथ ही चकबंदी लागू करने, प्रवासी उत्तराखंडियों को समय-समय पर गांव लाने की योजना तैयार करने, जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान की रोकथाम समेत कई सुझाव दिए। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने गांवों का बेसलाइन सर्वे कराने पर जोर देते हुए कहा कि गांव में जो भी आवश्यकता है, उसे तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।