812 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद
दो विकासखंडों में ग्राम प्रधान के 556, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 219 और जिला पंचायत के 37 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद
वर्ष 2014 में हुए चुनाव में गंगोलीहाट में 68 प्रतिशत जबकि बेड़ीनाग में 65 प्रतिशत मतदान हुआ था
अमर उजाला ब्यूरो
गंगोलीहाट/बेड़ीनाग। जिले के दो विकासखंडों गंगोलीहाट और बेड़ीनाग में दूसरे चरण का चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। दोनों विकासखंडों में ग्राम प्रधान के 556, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 219 और जिला पंचायत के 37 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद हो गया। गंगोलीहाट में 62.39 और बेड़ीनाग में 64.02 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों ब्लॉक में मत का प्रतिशत -- रहा। वर्ष 2014 में हुए चुनाव में गंगोलीहाट में 68 प्रतिशत जबकि बेड़ीनाग में 65 प्रतिशत मतदान हुआ था।
दोनों विकासखंडों के 217 मतदेय स्थलों में शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया था। मतदाता सुबह बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए घरों से बाहर निकले। पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा सभी बूथों में महिला मतदाताओं की अधिक संख्या रही। सुबह 10 बजे तक गंगोलीहाट में मतदान प्रतिशत 13.65 और बेड़ीनाग में 5.50 प्रतिशत रहा। सुबह 10 से 12 बजे तक गंगोलीहाट में 28.54 और बेड़ीनाग में 31.5 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। दोनों ब्लाकों में मतदान प्रतिशत 30.02 फीसदी रहा। अपराह्न में मतदान प्रक्रिया में कुछ तेजी आई। गंगोलीहाट में शाम चार बजे तक 54 प्रतिशत और बेड़ीनाग में 57 प्रतिशत मतदान हो गया था। दोनों विकासखंडों में चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए थे। 36 संवेदनशील केंद्रों में सशस्त्र पुलिस के जवान तैनात रहे। आब्जर्वर डॉ. अशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. सौरभ गहरवार, पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु, पुलिस क्षेत्राधिकारी आरएस रौतेला ने गंगोलीहाट और बेड़ीनाग के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया।
गांव की सरकार चुनने में महिला निकलीं आगे
बेड़ीनाग/गंगोलीहाट। दूसरे चरण के पंचायत चुनावों में भी पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदान करने में आगे रही। सुबह के समय गंगोलीहाट विकासखंड में मतदान करने वाली महिलाओं का प्रतिशत 16.35 और पुरुषों का प्रतिशत 11.11 था। पहले दो घंटे में बेड़ीनाग में महिला मतदाताओं का प्रतिशत पांच जबकि पुरुषों का छह प्रतिशत था। दिन में 12 बजे गंगोलीहाट में महिला मतदाताओं का प्रतिशत 35.15 और पुरुषों का 22.52 था। बेड़ीनाग में महिलाओं का मत प्रतिशत तेजी से बढ़ा। यहां पर महिला मतदाताओं का प्रतिशत पांच से बढ़कर 36.76 प्रतिशत पहुंच गया। जबकि पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 25.42 ही था। शाम चार बजे गंगोलीहाट में 65.78 प्रतिशत महिला मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर चुकी थीं, जबकि पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 44.50 था। इसी तरह बेड़ीनाग विकासखंड में महिला मतदाताओं का मत प्रतिशत 65.96 और पुरुषों का 48.23 प्रतिशत ही था। पहले चरण में विण, मूनाकोट और कनालीछीना विकासखंडों में हुए पंचायत चुनावों में भी महिला मतदाता ही आगे रही।
पहले मतदान फिर घर का काम
गंगोलीहाट/बेड़ीनाग। पंचायत चुनावों को लेकर महिला मतदाताओं में काफी उत्साह रहा। गांव की सरकार चुनने में महिलाओं ने प्राथमिकता के आधार पर पहले मतदान किया। इस समय ग्रामीण क्षेत्रों में खेतीबाड़ी समेटने का काम चल रहा है। इसके बावजूद अधिकांश महिलाओं ने मतदान को प्राथमिकता दी और सुबह ही मतदान केंद्रों का रुख किया। वोट देने के बाद महिलाओं ने घर का काम संभाला।
मतदान के लिए युवाओं में भी रहा उत्साह
गंगोलीहाट। पंचायत चुनावों में मतदान के लिए युवाओं में भी काफी उत्साह रहा। पहली बार अपने मत का प्रयोग कर ग्राम सरकार चुनने वाले युवा अधिक उत्साहित नजर आए। हयात सिंह, रवींद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, लाल सिंह, विक्रम सिंह, विजय सिंह ने कहा कि पंचायत चुनावों में वे पहली बार मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता ऐसे पंचायत प्रतिनिधि चुनने की है जो गांव और क्षेत्र के विकास की सोच रखते हैं।
गंगोलीहाट में प्रधान के 326 प्रत्याशी
गंगोलीहाट विकासखंड में 117 प्रधानों के लिए 326 प्रत्याशी, 40 क्षेत्र पंचायत सीटों के लिए 125 प्रत्याशी, पांच जिला पंचायत की सीटों के लिए 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बेड़ीनाग विकासखंड में 84 ग्राम प्रधानों के लिए 230 प्रत्याशी, 37 क्षेत्र पंचायत सीटों के लिए 94 प्रत्याशी और 4 जिला पंचायत की सीटों के लिए 15 प्रत्याशी मैदान में हैं।