बिजली की लाइन में मरम्मत के चलते मंगलवार को धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट विकासखंड की बिजली 8 घंटे तक ठप रही। लाइन मरमम्त के नाम पर घंटों बिजली गुल होने से लोगों में विभाग के प्रति रोष है।
मंगलवार सुबह 9 बजे बिजली गुल होने से तीनों विकासखंडों के लोग भारी परेशानी में रहे। इंटरनेट सेवा बाधित हो गई, लोगों के मोबाइल की बैट्री चार्ज न होने से संचार सेवा प्रभावित हुई। व्यापार पर भी इसका असर पड़ा। यूपीसीएल के अवर अभियंता पूरन चंद्र से बिजली गुल होने के संबंध में पूछा गया तो उनका कहना था कि कनालीछीना में पोल बदलने का काम चल रहा था। इस कारण बिजली कटौती करनी पड़ी। शाम को 5 बजे बिजली बहाल हुई। बिजली की लाइन में मरम्मत के लिए विभाग नियमानुसार छह घंटे बिजली कटौती कर सकता है, इस हिसाब से दोपहर तीन बजे बिजली बहाल हो जानी चाहिए थी लेकिन विभाग लाइन मरम्मत में नियमों का पालन नहीं कर रहा है। ठंड के मौसम में घंटों की बिजली कटौती से लोगों में यूपीसीएल के खिलाफ जबरदस्त रोष देखा गया।