पिथौरागढ़। बंदीगृह में दवाइयों का अधिक सेवन करने वाले बंदी हरीश कापड़ी के पुत्र शुभम कापड़ी ने बंदीगृह प्रशासन पर पिता का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
मंगलवार को शुभम ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप इस मामले की शिकायत की। ज्ञापन में कहा गया कि 20 जनवरी को उसके पिता सहित अन्य बंदियों ने सोरगढ़ किले के समर्थन में भूख हड़ताल पर रहने का एलान किया था। आरोप है कि बंदीगृह में भूख हड़ताल तोड़ने के बाद भी बंदियों को भोजन नहीं दिया गया। यही वजह रही कि उन्हाेंने अधिक दवाइयों का सेवन किया। शुभम ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में ऋषभ, रोहित, मोहित, विवेक, कार्तिक, अभिषेक, मनोज, नमन, रुपेश, रामदेव आदि शामिल थे। प्रभारी जिलाधिकारी आरडी पॉलीवाल ने पत्र मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी को इस मामले की जांच सौंपी गई है। 20 जनवरी को बंदियों ने लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किला करने की मांग को लेकर भूख हड़ताल का ऐलान किया था। बंदियों का पत्र सोशल मीडिया में सामने आया था। इस पत्र में सबसे आखिरी में हरीश कापड़ी के हस्ताक्षर थे। कुछ दिन बाद ही हरीश कापड़ी ने बंदीगृह मेें अधिक दवाइयों का सेवन कर लिया था।