झूलाघाट (पिथौरागढ़)। झूलाघाट-तालेश्वर सड़क के पांच किमी तक हिस्से पर हुआ डामरीकरण उखड़ने लगा है। क्षेत्र के लोगों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं करने पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
वर्षों से लंबित सामरिक महत्व की टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर कई टुकड़ों में काम चल रहा है। दस साल पहले कटी पांच किमी लंबी झूलाघाट-तालेश्वर सड़क पर एक वर्ष पहले डामरीकरण हुआ था, लेकिन यह डामर उखड़ने लगा है। सुरक्षा दीवारों पर सीमेंट का प्रयोग नहीं होने के कारण सड़क कई स्थानों पर धंस गई है। एक माह पहले बने 45 पैरापिट की जांच में सीमेंट के स्थान पर मिट्टी का प्रयोग पाए जाने पर इन्हें तोड़ने के आदेश दिए गए थे।
इस बरसात में सड़क के कई हिस्सों पर डामर फट चुका है। सड़क के ऊपरी हिस्से में सुरक्षा दीवार न बनने एवं पत्थर निकालने से मलबा सड़क पर आ गया है। गेठिगाड़ा, तालेश्वर सहित कई गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क का सुधार नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।