पिथौरागढ़। शहर के लावारिस कुत्ते खूंखार हो गए हैं। लगभग एक दर्जन से अधिक लावारिस कुत्तों के झुंड ने लुंठ्यूड़ा में गोठ में घुसकर गाय के एक बछड़े और तीन बकरियों को मार दिया।
लावारिस कुत्तों का झुंड बृहस्पतिवार रात पूर्व सभासद केदार लुंठी के गोठ का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा। इसके बाद कुत्तों ने गोठ में बंधे एक बछड़े और तीन बकरियों केे नोंचकर मार डाला। शोर सुनकर जब घर के सदस्य बाहर आए तब इस घटना का पता चला। तीन दिन पहले भी लावारिस कुत्ते दिनदहाड़े नगरपालिका चौराहे पर एक बछड़े को नोंचकर खाने लगे थे। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने बछड़े को कुत्तों से छुड़ाया था। अब गोठ में घुसकर एक साथ बछड़े और बकरियों को मार डालने की घटना से नगरवासी भयभीत हैं।
यह लावारिस कुत्ते रात्रि में आवाजाही करने वाले लोगों पर भी हमला कर देते हैं। पिथौरागढ़ शहर में लावारिस कुत्तों के हमलों में पिछले दो साल में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। एक मामले में जाजरदेवल क्षेत्र में स्कूल जा रहे एक मासूम को नोंचकर मार दिया था, जबकि दूसरी घटना में पांडेगांव क्षेत्र में लावारिस कुत्तों के हमले से बचने के प्रयास में एक मजदूर की गिरकर मौत हो गई थी। इसके बावजूद लावारिस कुत्तों की समस्या से निपटने के कोई प्रयास नगरपालिका की ओर से नहीं किए गए हैं।