थल (पिथौरागढ़)। बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा ठप होने से भड़के युवाओं ने थल में प्रदर्शन किया। उन्होंने सेवा शीघ्र सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में युवाओं ने शुक्रवार को बीएसएनएल के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि तीन दिन से बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा खराब चल रही है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सेवा बदहाल होने से तहसील में कोई भी कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
छात्र-छात्राओं और युवाओं के ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी नहीं बन पा रहे हैं। दूरदराज के गांवों से ग्रामीण समय एवं धन खर्च कर तहसील में आ रहे हैं, लेकिन यहां उन्हें मायूसी ही हाथ लग रही है। प्रदर्शन करने वालों में गुड्डू चंद, जगदीश चंद, विपिन, राम सिंह कार्की, भुवन गिरी, सुरेश चंद, चंदन, अमित चंद, बलदेव कुमार, नवीन जोशी, धीरज कुमार आदि थे।