पिथौरागढ़। नगर के एक निजी स्कूल की ओर से मनमानी फीस वसूलने से भड़के अभिभावकों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कहा कि जब तक इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, विरोध जारी रखा जाएगा।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि उनको जानकारी दिए बिना ही स्कूल प्रबंधन मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहा है। हर सत्र में एडमिशन के नाम पर दो से ढाई हजार रुपये वसूले जाते हैं। स्कूल ड्रेस, बैग और अन्य लेखन सामग्री एक ही चयनित दुकान से खरीदने को कहा जाता है। दूसरी दुकानों की सामग्री लाने पर वापस कर दी जाती है। फीस बढ़ोतरी से अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
विरोध करने पर अभिभावकों के खिलाफ ही कार्रवाई करने की चेतावनी दी जा रही है। प्रदर्शन के बाद सभी अभिभावकों ने एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान पूर्व सभासद विक्की वाल्मीकि, पूर्व जिपंस वीरेंद्र बोहरा, सुनील जोशी, संदीप पांडे, सुनीता, नीलम, हेमा, ममता, प्रेमा आदि थे।