पिथौरागढ़। नामिक में बनी 50 किलोवाट की बिजली परियोजना की नहर नौ महीने से क्षतिग्रस्त है। नहर की मरम्मत के लिए शासन से धन नहीं मिल रहा है। क्षेत्र के लोगों ने जिला मुख्यालय आकर अक्षय ऊर्जा अभिकरण (उरेडा) के वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक से नहर की मरम्मत करने की मांग की है।
नामिक की प्रधान तुलसी जेम्याल के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे लोगों ने परियोजना प्रबंधक को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि अक्तूबर 2017 में यह नहर क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीणों ने अस्थाई तौर पर नहर की मरम्मत की गई है। नहर अत्यधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण परियोजना में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण गांव में बिजली की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
इन लोगों ने बताया कि परियोजना की मशीनों में भी खराबी आई है, उसको भी दूर नहीं किया जा रहा है। इन लोगों ने नहर की मरम्मत कराने के साथ ही मशीनों को ठीक कराने की मांग की है। उरेडा वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक एके शर्मा का कहना है कि नहर की मरम्मत के लिए जिला योजना से धन मांगा गया है। बजट मिलते ही नहर और उपकरणों को दुरुस्त किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में भवान सिंह, बहादुर सिंह, लाल सिंह, प्रताप सिंह आदि शामिल थे।