झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सरकार की ओर से सिंडिकेट प्रणाली समाप्त करने के विरोध में बैतड़ी जिले के वाहन स्वामियों ने शुक्रवार को सभी रूटों पर गाड़ियों का संचालन बंद कर दिया।
बैतड़ी से छोटी दूरी के वाहन न चलने पर भारतीय सीमा से लगे नेपाल के जूलाघाट कस्बे से कोई भी वाहन नहीं चला। नतीजतन भारत से नेपाल की ओर खाद्य सामग्री के साथ ही कोई भी सामान नहीं जा सका।
यातायात बंद की वजह से बैतड़ी से दार्चुला, डडेलधूरा, महेंद्रनगर, धनगड़ी और काठमांडू के लिए कोई भी वाहन नहीं चला। सतबांझ टिकट बुकिंग काउंटर के इंचार्ज काजी पांडे ने बताया कि यातायात न चलने से जिले के वाहन स्वामियों को काफी नुकसान हुआ है। उधर, नेकपा माओवादी विप्लव गुट ने भी शनिवार को नेपाल बंद की घोषणा की है। गुट के जिला इंचार्ज राम सिंह कुंवर ने बताया कि बंद के दौरान बाजार, उद्योग, कारखाना और वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा।
नेपाल सरकार ने बंद को माना है औचित्यहीन
नेपाल सरकार ने बंद को औचित्यहीन मानते हुए वाहन स्वामियों से बंद न करने की अपील की थी। नेपाल सरकार ने शुक्रवार को गाड़ी न चलाने वाले गाड़ी मालिकों परमिट निरस्त करने के आदेश दिए हैं। नेपाल यातायात विभाग के महानिदेशक रूपनारायण भट्टाराई के आदेश के बाद बैतड़ी पुलिस विभाग ने भी बंद में शामिल वाहन मालिकों का ब्योरा एकत्र करना शुरू कर दिया है। शनिवार को काठमांडू में होने वाली बैठक के बाद कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।