पिथौरागढ़। महाविद्यालय के अंबेडकर छात्रावास की बिजली गुल हो गई है। इससे छात्रों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है, जबकि पढ़ाई में भी व्यवधान हो रहा है।
छात्रावास की बिजली मंगलवार को एक बार फिर गुल हो गई। इससे दिनभर बिजली के जुड़े काम नहीं हो पाए। छात्रों ने रात भी अंधेरे में काटी। बिजली नहीं होने से छात्रावास में रह रहे 50 छात्रों की पढ़ाई भी चौपट हो गई है। इससे दो दिन पहले भी छात्रावास की बिजली खराब हो गई थी। तब छात्रों के बुलाने पर लाइनमैन ने लाइनों की मरम्मत की थी।
वहीं, छात्रावास भवन की जर्जर हालत और सालों पुरानी बिजली फिटिंग को इस समस्या से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2004 में भवन में बिजली फिटिंग हुई थी। छात्रावास अध्यक्ष किशोर का कहना है कि देखरेख के अभाव में अक्सर बिजली गुल हो जाती है। बार-बार लाइनमैन को बुलाकर मरम्मत करानी पड़ती है।
पेयजल लाइनों में लीकेज
छात्रावास में पेयजल लाइनें भी लीक कर रही हैं। इसके चलते छात्रों को रोजाना जरूरत का पानी नहीं मिल पा रहा है। लीकेज के चलते पानी का टैंक नहीं भर पा रहा है। बमुश्किल पीने के पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है।
छात्रों ने बिजली-पानी आदि समस्या बताई है। समस्या के संबंध में छात्रावास के विभागीय अधिकारी से वार्ता की जाएगी। छात्रों की समस्या का जल्द निराकरण होगा। -डीएस पांगती, प्राचार्य, एलएसएम राजकीय महाविद्यालय