पिथौरागढ़। थल में रामगंगा पर बड़ा मोटर पुल बनाने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने एनएच के मुख्य अभियंता को पत्र भेजा है। कहा है कि थल में रामगंगा पर बना यह पुल काफी पुराना हो गया है और यह सिंगल लेन का है। इसकी जगह डबल लेन का बड़ा पुल बनाने की जरूरत है।
थल के इस पुल में तकनीकी दिक्कत आने के कारण पिछले साल इस पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी गई थी। बाद में लोनिवि ने पुल की थोड़ी मरम्मत की और इस पर कम भार वाले वाहनों को चलाने की अनुमति दे दी।
थल के इस पुल से डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी, नाचनी, मुवानी समेत आसपास के सभी कस्बों और नगरों के लिए वाहनों का संचालन होता है। पुल का निर्माण 1955 में हो गया था। पहले पुल पर वाहनों का दबाव काफी कम था, लेकिन अब वाहनों की संख्या बढ़ने से पुल पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है।
केंद्रीय राज्यमंत्री टम्टा ने कहा है कि नए पुल के निर्माण के लिए वह केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात करेंगे। उम्मीद है कि जल्द ही इसके लिए धन मंजूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए कुछ अन्य महत्वपूर्ण पुलों की मरम्मत की कोशिश की जाएगी।