पिथौरागढ़। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को दस जनवरी तक विशेष प्रवेश की सुविधा दे दी है। जो विद्यार्थी इस अवधि में प्रवेश में लेंगे उनको शीघ्र अध्ययन सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी। मुक्त विश्वविद्यालय को इस बार प्राइवेट परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई है, क्योंकि कुमाऊं विश्वविद्यालय अब प्राइवेट परीक्षा नहीं कराएगा।
यहां हुई बैठक में विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. भानु प्रकाश जोशी ने कहा कि दूरस्थ जिलों के विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए विशेष प्रवेश का फैसला लिया गया है। इसका फायदा कई विद्यार्थियों को मिलेगा। मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. विपिन जोशी ने बताया कि प्रवेश की तिथि बढ़ने से विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है और कई विद्यार्थी प्रवेश के लिए आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत परीक्षाएं जून, जुलाई में होंगी। बैठक में एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस पांगती, त्रिलोचन पाटनी, हरीश देवलाल, राजेंद्र नाथ, नरेश जोशी आदि थे।