पिथौरागढ़। गंगोलीहाट तहसील के कई गांवों को सड़क से जोड़ने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी सी रविशंकर को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में दुगई आगर, टुंटा, बरयूडा, मनखोला, दुगई कन्यूरी, खेतीगांव, कनारा, बोड़ीसटवे, इटाना, डोबालखेत गांवों को सड़कों से जोड़ने की मांग की गई है। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश चंद्र जोशी के नेतृत्व में ज्ञापन देने गए लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि संबंधित सड़क के लिए क्षेत्र के लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों से बात की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। सड़क न होने से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। कहा कि क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी महत्व रखता है। दुगई आगर में प्राचीन काल का सूर्य मंदिर है।
बताया कि प्राचीन काल के मिट्टी के बने नल भी खेतों में देखे जा सकते हैं। यह क्षेत्र पर्यटन के साथ-साथ शोधकर्ताओं, पुरातत्वविदों के लिए भी महत्व रखता है। ज्ञापन देने वालों में शंकर राम कोहली, नवीन चंद्र जोशी, गुसाईं दत्त जोशी, केशव दत्त जोशी, गिरीश चंद्र जोशी आदि शामिल थे।