पिथौरागढ़। किसान संगठन का क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने किसानों के कर्ज माफ करने, सीमांत लघु किसानों को सूखा राहत का मुआवजा देने, किसानों को फसली बीमा का लाभ देने, जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।
किसानों ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित अनशन स्थल पर मांगों को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान हुई सभा में किसानों ने कहा कि सूखा, अतिवृष्टि से सीमांत के किसानों को हर साल नुकसान उठाना पड़ता है, लेकिन सरकार की ओर से किसानों को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाती। बैंक का कर्ज न चुका पाने के कारण किसान आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों के हित में कोई नीति नहीं बना रही है। वक्ताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसान संगठन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र जोशी, मंत्री जगदीश प्रसाद, शंकर राम कोहली, भगवान सिंह रावत, मदन सिंह, बलवंत सिंह, शंकर राम, इकबाल अहमद, भुवन मौरा, चंचल सिंह, प्रेम सिंह, अर्जुन प्रसाद आदि ने विचार रखे। बुधवार को गौरीशंकर, ज्ञानी राम, बलवीर राम, नवीन राम क्रमिक अनशन में बैठे हैं।