पिथौरागढ़/बेड़ीनाग। नगरपालिका ने बृहस्पतिवार को एक दुकान में छापा मारकर 600 ग्राम पॉलिथीन की थैलियां बरामद की और दुकानदार से एक हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। गांधी चौक पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पांच दुकानों के सामने गंदगी मिलने पर हर दुकानदार से सौ-सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी ने बताया कि पॉलिथीन के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि अपने पास जमा पॉलिथीन की थैलियों का स्टाक तत्काल हटा दें। उधर, बेड़ीनाग में भी नगर पंचायत और प्रशासन ने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चला रखा है। अधिशासी अधिकारी एनबी पांडे ने बताया कि पॉलिथीन मिलने पर जुर्माना वसूला जाएगा। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने पॉलिथीन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।