गणाईगंगोली के सीमा गांव में पहुंची बिजली
- फोटो : अमर उजाला
जिले के अंतिम छोर पर बसे सीमा और काकड़पानी गांव के लोगों को बिजली के लिए 71 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। भले ही गांव में बहुत ही देर से बिजली पहुंची हो, लेकिन गांव वालों ने बिजली का स्वागत पूरे जोश से किया। मिठाई बांटी। साथ ही अमर उजाला और विधायक का आभार जताया।
सीमा और काकड़पानी गांव कभी 200 से अधिक परिवारों से गुलजार रहते थे। समस्याओं के मकड़जाल ने गांव के लोगों को अपनी माटी छोड़ने पर मजबूर कर दिया। एक-एक कर 136 परिवार गांव छोड़कर चले गए। दोनों गांवों में काफी कम परिवार रह गए हैं। गांव के लोगों ने बिजली आदि समस्याओं को कई मंचों पर उठाया। अमर उजाला पिछले एक दशक से सीमा, काकड़पानी की बिजली की समस्या को उठाते रहा है। वर्ष 2017 में विधायक मीना गंगोला ने सीमा, काकड़पानी बिजली पहुंचाने का बीड़ा लिया। शनिवार एक दिसंबर को दोनों गांव बिजली से जुड़ गए हैं।
सीमा, काकड़पानी गांव के मनोज नेगी, गुलाब सिंह, रमेश भट्ट, भूपेश कुमार आदि ने कहा कि अमर उजाला ने बिजली की समस्या को लगातार उठाया। विधायक मीना गंगोला ने समस्या का समाधान किया है। गांव के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा की उचित व्यवस्था की अब भी दरकार है।