टनकपुर (चंपावत)। वन विभाग की ओर से जंगल से सटे आबादी क्षेत्र में उत्पाती बंदरों को पकड़ने का अभियान जारी है। दो दिन में शारदा वन रेंज की टीम ने 70 बंदरों को पकड़कर हल्द्वानी भेजा। शारदा वन रेंज के रेंजर सुनील शर्मा ने कहा कि बंदरों के उत्पात मचाने की शिकायत लोग नजदीकी वन चौकी में कर सकते हैं। बता दें कि पिछले कुछ समय से उत्पाती बंदरों का उत्पात बढ़ गया है। इसे देखते हुए वन विभाग की ओर से बंदरों को पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजा जा रहा है। रेंजर ने बताया कि रेंज की टीम ने दो दिन में आमबाग, उचौलीगोठ, ककराली गेट, गैंडाखाली और नगर क्षेत्र से 70 बंदरों को पकड़ा। उन्होंने बताया कि रेंज में 600 बंदरों को पकड़ने का लक्ष्य रखा गया था जिसे पूरा कर लिया गया है। इसके बाद भी सूचना मिलने पर बंदरों को पकड़ा जाएगा।