पिथौरागढ़। दीपावली पर जिले के एटीएम फिर धोखा दे गए हैं। मंगलवार को जिला मुख्यालय के 24 में से 22 एटीएम में कैश की कमी रही। कई बैंकों के एटीएम सुबह से ही बंद रहे। इस कारण दीपावली की खरीदारी के लिए बाजार आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसबीआई का रोडवेज स्थित एटीएम, एसबीआई का जीआईसी रोड का एटीएम, केएमओयू स्टेशन का बैंक ऑफ बड़ौदा, कूर्मांचल बैंक का एटीएम सुबह से ही बंद रहा। एसबीआई के मुख्य शाखा का एटीएम खराब है। शेष 17 एटीएम में दोपहर में कैश समाप्त हो गया।
केवल ऑरियंटल बैंक ऑफ कामर्स और आईडीबीआई के एटीएम में ही कैश था। इन दो एटीएम में भी दिन में कई बार कैश डाला गया। एटीएम में नकदी खत्म होने से लोगों को बैंकों में जाकर खातों से निकासी करनी पड़ी। रकम निकासी के लिए बैंकों में लोगों की भीड़ रही। एटीएम में धन न होने से लोगों को उधारी में भी सामान लेना पड़ा।