डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम को ज्ञापन भेजकर थल-डीडीहाट लिफ्टिंग पेयजल योजना के लिए शीघ्र धन जारी करने की मांग की है। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि योजना के लिए धन आवंटित नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार को ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बोरा के नेतृत्व में एसडीएम वैभव गुप्ता से मिले और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कहा कि नगर और आसपास की जनता को पानी मुहैया कराने के लिए वर्ष 2012 में थल-डीडीहाट पेयजल लिफ्टिंग योजना की स्वीकृति दी गई।
योजना के लिए 23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए, लेकिन दो वर्षों से बजट के अभाव में योजना का काम अधर में लटका है। उन्होंने कहा कि बरसात में कई स्थानों पर पाइप लाइनें टूटी हैं। इससे लोगों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में ललित भंडारी, चंचल चौहान, भीम धपवाल, ललित चुफाल, गिरधर बोरा आदि थे।