डीडीहाट (पिथौरागढ़)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के डीआईजी ने सातवीं वाहिनी का निरीक्षण कर जवानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आपदा के दौरान आईटीबीपी जवानों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
आईटीबीपी की सातवीं वाहिनी पहुंचे आईटीबीपी बरेली सेक्टर के उपमहानिरीक्षक एपीएस निंबाडिया ने कहा कि जवानों की हर समस्या को वाहिनी के प्रत्येक अधिकारी गंभीरता से लें। वाहिनी स्तर पर ही जवानों की समस्या को निपटाने के निर्देश सेनानी को दिए। एक सप्ताह पहले धारचूला क्षेत्र में आई आपदा के दौरान आईटीबीपी जवानों द्वारा ग्रामीणों एवं कैलाश यात्रियों की मदद करने के लिए डीआईजी ने सेनानी महेंद्र प्रताप की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने परिवहन शाखा, अस्पताल, एडम, परेड़ आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी ने केंद्रीय विद्यालय मिर्थी का भी निरीक्षण किया। वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्र में तैनात जवानों को भी सारी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर वाहिनी के समस्त अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।