पिथौरागढ़। भाव राग ताल नाट्य अकादमी पिथौरागढ़ के निर्देशक कैलाश कुमार को उत्तराखंड लोक मंच ने उत्तराखंड गौरव सम्मान से नवाजा है। उभरते हुए गायक, निर्देशक कैलाश कुमार को पुरस्कार मिलने पर तमाम लोगों ने खुशी जताई है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र नई दिल्ली में विगत चार मार्च को आयोजित कार्यक्रम में कैलाश कुमार को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। उत्तराखंड लोक मंच के अध्यक्ष बृजमोहन उप्रेती की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा समेत तमाम दिग्गज मौजूद थे। वक्ताओं ने कला और संस्कृति के क्षेत्र में कैलाश कुमार द्वारा दिए जा रहे योगदान की सराहना की। कैलाश कुमार लंबे समय से लोक साहित्य के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। कैलाश कुमार को उत्तराखंड गौरव सम्मान मिलने पर रंगकर्मी जनार्दन उप्रेती जन्नूदा, कैप्टन दीवान सिंह वल्दिया, सभासद भुवन जोशी, दिलीप वल्दिया ने खुशी जताई है। कहा है कि कैलाश उत्तराखंडी संस्कृति के संरक्षण में अहम योगदान दे रहे हैं।