पिथौरागढ़। कूड़े में लगाई गई आग से खाली केन फट गई। इस विस्फोट से पिथौैरागढ़ महाविद्यालय की एक छात्रा घायल हो गई। सोमवार सुबह महाविद्यालय से कुछ ही दूरी पर पांडेगांव में एक दुकान के सामने सड़क के किनारे कूड़े में लगाई गई थी। सुबह करीब पौने दस बजे आग में अचानक हल्का विस्फोट हो गया। इससे उछला आग का गोला वहां से गुजर रही एमए फाइनल की छात्रा अमरीन के पैर में जा लगा, जिससे छात्रा का पैर झुलस गया। घायल छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कूड़े में लगी आग से कॉक्रोच मारने वाले काला हिट का खाली केन फट गया था। लोगों ने सड़क के किनारे कूड़ा जलाने पर नाराजगी जताई। कहा कि इससे वातावरण दूषित हो रहा है। कूड़े में लगी आग खतरा भी बन रही है। कूड़े में आग लगाने में दंड का प्रावधान है, प्रशासन को इस पर सख्ती बरतनी चाहिए।