पिथौरागढ़। भारतीय स्टेट बैंक की देवलथल शाखा में कर्मियों की कमी से भारी अव्यवस्था फैलने लगी है। एक मैनेजर और एक क्लर्क के सहारे चल रहे इस बैंक पर 12 हजार खाताधारकों का भार है। खाताधारकों को बैंक में घंटों इंतजार करना पड़ता है। बृहस्पतिवार को बैंक में भारी भीड़ थी। कुछ लोगों को तो कई घंटे इंतजार के बाद भी भुगतान नहीं मिल पाया है। बैंक में पैसा जमा कराने आए लोगों को भी लौटना पड़ा।
बैंक में लंबे समय से दो क्लर्क और एक मैनेजर का पद खाली पड़ा है। क्षेत्र के लोग कई बार रिक्त पदों को भरने और बैंकिंग व्यवस्था को सुचारु करने की मांग उठा चुके हैं, लेकिन उच्चाधिकारियों के स्तर से कोई कदम नहीं उठाया गया है। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार और लोहाकोट के प्रधान शंकर सिंह सामंत ने कहा कि कोर बैंकिंग के इस दौर में भी लोगों का काम समय पर नहीं हो पा रहा है। बैंक से कई पूर्व सैनिक पेंशन लेते हैं और कई व्यापारियों के खाते भी बैंक में खुले हैं। स्टाफ की कमी से सभी को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, बैंक प्रबंधक एसएस निखुर्पा ने कहा कि कई बार उच्चाधिकारियों को रिक्त पद भरने के लिए आग्रह किया गया है। स्थानीय स्तर से हर महीने महाप्रबंधक कार्यालय को रिक्त पदों की सूची भेजी जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि कर्मचारियों की कमी से कामकाज प्रभावित हो रहा है।