पिथौरागढ़ के डीएम सी रविशंकर ने सोमवार के जनता दरबार लगाया। इसमें 46 आवेदन मिले। डीएम ने अधिकारियों को समय पर समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। डीएम ने चंडाक क्षेत्र में कूड़ादान लगाने के निर्देश नगरपालिका के ईओ खीमानंद जोशी को दिए। डीएम ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देयकों का भुगतान करने के लिए प्रत्येक शनिवार को बैठक करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। मासिक रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को छात्रवृत्ति के आवेदनों की कमियां दूर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकासखंड कार्यालय में आवास आवंटन की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में आवास, शौचालय आवंटन कराने समेत तमाम आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने सभी समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि पहले के जनता दरबारों में उठी जिन समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ है, उनका निस्तारण एक सप्ताह में करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में एडीएम मो. नासिर, डीआरडीए के पीडी डीडी पंत, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज शुक्ला, डीडीओ गोपाल गिरी आदि थे।