पिथौरागढ़। गंगोत्री गर्ब्याल आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में महान गणितज्ञ रामानुजम के जन्मदिवस (राष्ट्रीय गणित दिवस) को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विद्यालय में वाद विवाद, भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। उधर, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर हरी सिंह थापा राजकीय हाइस्कूल नैनीसैनी में गणित विषय पर कार्यशाला और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता हुई।
राबाइंका में हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता में कक्षा छह से रामानुजम ग्रुप, कक्षा सात से आर्यभट्ट ग्रुप, कक्षा आठ से आर्यभट्ट ग्रुप ने पहला स्थान प्राप्त किया। इस दौरान प्रधानाचार्य नंदा रावत ने रामानुजम की जीवनी में प्रकाश डाला। कार्यक्रम के आयोजन में रेखा ढकरियाल, गीता तिवारी, लता पाठक, ऊषा उप्रेती आदि ने सहयोग दिया। राजकीय हाइस्कूल नैनीसैनी में गणित के शिक्षक चंद्रकुमार सिंह थापा ने विद्यार्थियों से गणित के प्रयोग से विभिन्न प्रयोगात्मक कार्य करवाए।
राजेंद्र सिंह धामी ने देश के प्रमुख गणितज्ञों आर्यभट्ट, ब्रह्मगुप्त, श्रीधराचार्य, बोधायन, भाष्कराचार्य, रामानुजम के जीवन पर विचार रखे। इस दौरान हुई गणित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में दीपक ऐरी, गीतिका महर, हिमांशु भंडारी ने क्रमश: पहला, दूसरा, तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार बांटे। कार्यक्रम में गिरीश चंद्र नगरकोटी, चंद्रा पंत, गोदावरी कार्की, भूपेंद्र डसीला ने सहयोग दिया।