पिथौरागढ़। डीएम सी रविशंकर की पहल पर समस्याओं, शिकायतों का कम से कम समय में निस्तारण करने के लिए विभागों में शिकायत से संबंधित पोर्टल बनाया जा रहा है। फिलहाल प्रयोग के तौर पर राजस्व, जल संस्थान, नगर पालिका, लोनिवि और समाज कल्याण विभाग से पोर्टल की शुरुआत की जा रही है। बाद में सभी विभागों में पोर्टल बनाया जाएगा।
विकास भवन में विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था से शिकायतों के निस्तारण में देरी होती है। पोर्टल के माध्यम से शिकायतों का निवारण करने में आसानी होगी। इसमें ऑनलाइन शिकायतें दर्ज होंगी।
पंजीकरण के बाद शिकायतें ऑनलाइन ही संबंधित विभाग को भेजी जाएंगी। डीएम ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से दर्ज शिकायतों का निस्तारण कम से कम समय में करना है। वह स्वयं पोर्टल में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करेंगे।
डीएम ने कहा कि 90 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति मोबाइल एप के जरिये बायोमेट्रिक सिस्टम से दर्ज हो रही हैं। स्वास्थ्य महकमे में भी मोबाइल एप से उपस्थिति दर्ज कराई जा रही है।
उन्होंने सभी खंड शिक्षाधिकारियों से बायोमेट्रिक सिस्टम के जरिये शिक्षा विभाग में उपस्थिति दर्ज कराने के आदेश देते हुए कहा कि जिन विकासखंडों के कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमट्रिक सिस्टम से दर्ज नहीं होगी, उन विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ ही शिक्षाधिकारियों का वेतन रोक दिया जाएगा।
डीएम ने सभी कार्यालयाध्यक्षों और विभागाध्यक्षों से कहा कि अपने-अपने कार्यालय का फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम एकाउंट बनाकर पोर्टल के एड्रेस की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराएं।