नियोलियासेरा में ट्रॉली लगेगी
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। रामपुर-नैनी मार्ग पर नियोलियासेरा के पास ध्वस्त पुल के स्थान पर नया पुल बनाने में चार महीने बाद भी सरकारी तंत्र नाकाम रहा है। अब विधायक के प्रयासों से आवागमन के लिए ट्रॉली स्वीकृत हो गई है।
एक फरवरी 2017 को हुए इस हादसे में पुल पर धूप सेंकने के लिए बैठे दो युवकों की मौत हो गई थी। पुल ध्वस्त होने के समय दो लोडेड ट्रक पुल से गुजर रहे थे। दोनों ट्रक नदी के तल पर जा गिरे थे। दो महीने के भीतर नए पुल का निर्माण करने की बात कही गई थी, लेकिन पुल का निर्माण नहीं हुआ। बरसात में कुलूर नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों के सामने भारी दिक्कत खड़ी हो जाती। विधायक मीना गंगोला ने ट्रॉली स्वीकृत कराई। ट्रॉली का सामान मौके पर पहुंच गया है।
लोनिवि ने ट्रॉली लगाने का काम शुरू कर दिया है। एक सप्ताह के भीतर नदी में ट्रॉली लग जाएगी। ग्राम प्रधान नारायण सिंह डोबाल, मोहन चंद्र जोशी, दिनेश, संजय डसीला, प्रदीप सिंह ने कहा कि ट्रॉली लगने से बरसात में लोगों की दिक्कतें कम होंगी। इन लोगों ने क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर जल्दी नए पुल का निर्माण करने की मांग की है।