मुनस्यारी (पिथौरागढ़ )। जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग पर 60 से ज्यादा श्रमिकों की बीआरओ ने छंटनी कर दी है। जौलजीबी-मुनस्यारी मोटर मार्ग का कार्य बीआरओ द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें कार्यरत 60 से अधिक मजदूरों को मंगलवार को निकाल दिया गया है, जिस कारण मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। कोरोना के लॉकडाउन के दौरान बेरोजगार होने से मजदूरों के सामने रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। श्रमिक खुशाल सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री के किसी को नौकरी से नहीं निकाले जाने के आदेश के बावजूद 60 से ज्यादा मजदूरों को बीआरओ द्वारा बेरोजगार कर दिया गया है। एसडीएम भगत फोनिया ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इस संबंध में पता कर जो कानूनी रूप से सही होगा उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।