धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला के दूरस्थ पय्यापौड़ी में 24 वर्षीय युवक ने 55 साल के ग्रामीण की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी छा गई। पुलिस ने हत्यारोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह पय्यापौड़ी के नाला तोक निवासी कपिल सिंह और गांव के ही बजानी तोक निवासी बहादुर सिंह (55) पुत्र त्रिलोक सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कपिल सिंह नशे की हालत में था। विवाद इतना बढ़ा कि शराब के नशे में धुत कपिल सिंह ने पत्थर से कुचलकर बहादुर सिंह की हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हत्यारोपी को भागने से पहले ही पकड़ लिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्कर सिंह की सूचना पर सीओ नरेंद्र पंत, बलुवाकोट की थानाध्यक्ष मीनाक्षी, जौलजीबी थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हत्यारोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद हत्यारोपी और शव को धारचूला लाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बहादुर सिंह खेती किसानी करते थे। उनके दो बेटे प्राइवेट नौकरी करते हैं और दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्यारोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।