झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड भारत दौरे पर पंचेश्वर बांध के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे। इसके अलावा वह सुदूर पश्चिम प्रदेश को भारत से जोड़ने के लिए काली नदी पर भारत- नेपाल के बीच झूलाघाट में मोटर पुल और पंचेश्वर में झूलापुल बनाने पर चर्चा करेंगे।
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल प्रधानमंत्री मोदी के मैत्री पूर्ण भारत आमंत्रण पर 31 मई से चार दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं। प्रचंड के साथ नेपाल के परराष्ट्र मंत्री, अर्थ मंत्री, ऊर्जा जल स्रोत और सिंचाई मंत्री, भौतिक पूर्वाधार और यातायात मंत्री, उद्योग वाणिज्य, आपूर्ति मंत्री के साथ सभी विभागों के सचिव आएंगे। सुत्रों के अनुसार प्रचंड ने संसद में बजट भाषण के दौरान कहा कि नेपाल के हितों को देखते हुए भारत भ्रमण को ऐतिहासिक भ्रमण बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से भारत- नेपाल के बीच लंबे समय से रुकी प्रस्तावित पंचेश्वर बांध के कार्य में तेजी लाने के साथ ही महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा सीमा संबंधित समस्या, नेपाल के हवाई मार्गों के लिए भी भारत से बात होगी। प्रचंड के भारत दौरे को देखते हुए भारत और नेपाल दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग उत्साहित हैं।