शहर की बरसों पुरानी पार्किंग की समस्या आज तक हल नहीं हो सकी। पालिका ने वर्ष 2010 में 52.48 लाख रुपये खर्च कर कार पार्किंग बनाई, लेकिन लोकार्पण के साथ ही पार्किंग पालिका के हाथ से छिन गई। पालिका के अफसर पत्राचार कर अपनी जिम्मेदारी से बरी हो जा रहे हैं, कभी गंभीर पहल नहीं हो रही। इससे पालिका को राजस्व की चपत लग रही है और लोगों को पार्किंग की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। नतीजतन सड़क किनारे वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जो अक्सर जाम का सबब बनते हैं।
शहर में पार्किंग के लिए वर्ष 2009 में राज्य अवस्थापना विकास निधि और राज्य वित्त मद से नगर पालिका कार्यालय के समीप कार पार्किंग का निर्माण किया गया। एक जून 2010 तत्कालीन पेयजल एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत ने पार्किंग का लोकार्पण किया। लोकार्पण के समय से ही कार पार्किंग के संचालन को लेकर सवाल उठ खड़े हुए थे। बाहर मंत्री लोकार्पण कर रहे थे, अंदर रामलीला प्रबंधकारिणी समिति सुंदरकांड का पाठ करवा रही थी। अगले दिन से कार पार्किंग का संचालन नगर पालिका के स्थान पर रामलीला प्रबंधकारिणी समिति करने लगी। रसीद काटकर वाहनों को खड़ा किया जाने लगा। कुछ दिन बाद कार पार्किंग में बाहर से टिन के दरवाजे लगाकर उसे बंद कर दिया गया। अब निजी वाहनों से मासिक किराया वसूला जाता है। इससे एक ओर तो पालिका को राजस्व की चपत लग रही है, वहीं लोग पार्किंग के लिए जूझ रही है। कई बार मामला उठाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
डीएम के आदेश के बाद भी खाली नहीं हुई पार्किंग
कार पार्किंग धार्मिक संस्था के हवाले करते समय पालिका के अधिकारियों पर भले ही दबाव रहा हो, लेकिन कब्जे के एक माह बाद से ही पालिका के अधिशासी अधिकारी पार्किंग को कब्जा मुक्त करने के लिए पत्राचार करते रहे हैं। पालिका के ईओ खीमानंद जोशी बताते हैं कि 30 जुलाई 2010 को इस संबंध में डीएम को, 15 जनवरी 2011 को रामलीला प्रबंधकारिणी समिति को, 14 दिसंबर 2011 को प्रमुख सचिव शहरी विकास को, 7 अप्रैल 2012 को प्रमुख सचिव शहरी विकास को, 13 जनवरी 2014 को फिर से डीएम को कार पार्किंग खाली करवाने के लिए पत्र लिखा गया। एक जून 2015 को जिलाधिकारी ने एसडीएम को अवैध कब्जा हटाकर कार पार्किंग पालिका को सौंपने के आदेश दिए लेकिन इसका पालन नहीं हुआ।
विधिवत सौंपी गई है पार्किंग
पिथौरागढ़। रामलीला प्रबंधकारिणी समिति के संरक्षक जगदीश पुनेड़ा कहते हैं कि तत्कालीन मंत्री प्रकाश पंत ने 2010 में जब कार पार्किंग का उद्घाटन किया था। उस समय पार्किंग को विधिवत समिति को सौंपा गया था। उद्घाटन के दिन बाकायदा समिति ने सुंदरकांड किया था। पालिका के ईओ और अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद थे।
कार पार्किंग सार्वजनिक हित के लिए बनाई गई है, उसमें सरकारी धन खर्च हुआ है। कार पार्किंग को खाली करवाया जाएगा। पालिका के ईओ से इस संबंध में पूरी जानकारी हासिल की जा रही है।
एचसी सेमवाल, जिलाधिकारी, पिथौरागढ़