मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। भारी बर्फबारी के चलते बुधवार शाम से बंद थल-मुनस्यारी सड़क को 40 घंटे बाद आवागमन के लिए खोला गया। बृहस्पतिवार को मार्ग पर ट्रक फंसे होने से छह चालक और क्लीनरों को रात में कड़ाके की ठंड में भूखे पेट ही सोने को विवश होना पड़ा।
थल-मुनस्यारी सड़क बुधवार शाम करीब सात बजे भारी बर्फबारी के चलते कालामुनि में बंद हो गई थी। शुक्रवार को जेसीबी से सड़क पर जमी बर्फ को हटाकर सुबह 11 बजे यातायात के लिए सुचारु किया गया। सड़क पर जमी बर्फ वाहनों के लिए खतरा बनी है। सड़क पर बृहस्पतिवार शाम एक ट्रक गिनीबैंड और कालामुनि के बीच फंस गया था। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सड़क बंद होने से मुनस्यारी महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए सामग्री ला रहे करीब छह ट्रक फंस गए। कोई व्यवस्था नहीं होने से इनके चालकों और परिचालकों को भूखे पेट रातापानी में रात गुजारनी पड़ी। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद फंसे ट्रक चालकों ने राहत की सांस ली और वह मुनस्यारी के लिए रवाना हुए। एसडीएम केएन गोस्वामी, लोनिवि के एई महेश राम और उमेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक दीनदयाल वर्मा के साथ सड़क खुलवाने में लगे रहे। स्नो कटर खराब होने से सड़क खोलने में दिक्कत हुई।
नलों में पानी जमने से लोग परेशान
मुनस्यारी। बर्फबारी के चलतेे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में क्षेत्र का न्यूनतम तापमान -2 और अधिकतम 7 डिग्री रहा। तापमान गिरने से पानी नलों में ही जम जा रहा है। इससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।