पिथौरागढ़। स्टेफर्ड पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नाटक से दर्शक भावविभोर हो गए।
वित्त मंत्री प्रकाश पंत और पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने राजकीय संग्रहालय में दीप जलाकर समारोह का शुभारंभ किया। मंत्री पंत ने अभिभावकों से बच्चों को संस्कारवान बनाने का आह्वान किया। पालिकाध्यक्ष रावत ने छात्र-छात्राओं की बेहतर शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधक राकेश देवलाल की सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी की भी सराहना की।
इस दौरान बच्चों ने हाय काकड़ी झिले मां, नून पिसी सिलै मां, रंगीलो मारो ढोलना, असमी डांस, देवा श्री गणेशा, कव्वाली और सामूहिक नृत्य से समा बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए अभिभावकों से संग्रहालय खचाखच भरा रहा। प्रधानाचार्य कल्पना देवलाल ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत की।
उन्होंने हाईस्कूल में 96 फीसदी अंक लाने वाले छात्र गौरव उप्रेती की साल भर की फीस माफ करने की घोषणा की। इस मौके पर भाजपा नेता महेंद्र लुंठी, गणेश भंडारी, पवन जोशी, मीनल भसीन, संजीव भसीन, नवीन नरियाल, हेम नरियाल, दीपक चौधरी, मनोज चौहान आदि थे।