पिथौरागढ़। सड़क हादसे में मारे गए सीआरपीएफ के जवान के घर गाजरी (पीपली) में कोहराम मचा है। जवान का पार्थिव शरीर सीआरपीएफ के वाहन से शनिवार देर शाम गांव लाया गया। शहीद का अंतिम संस्कार रविवार को पीपली में महाकाली नदी के किनारे श्मशान घाट पर किया जाएगा।
शुक्रवार को लखनऊ से प्रयागराज जा रही बस मानिकपुर थाना क्षेत्र में ट्रक से टकराकर पलट गई थी। हादसे में गाजरी निवासी सीआरपीएफ में तैनात जवान होशियार सिंह धामी (46) की मौत हो गई थी। यह खबर शुक्रवार को ही परिजनों को मिल गई थी। इसके बाद जवान की पत्नी नरुली देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। होशियार सिंह धामी का एकलौता पुत्र अनिल भी सीआरपीएफ में है। अनिल अविवाहित है।
पुत्री अनीता का विवाह हो चुका है। शनिवार शाम करीब 7 बजे होशियार सिंह धामी का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। इससे पूरे इलाके के लोगों का हुजूम गाजरी गांव में एकत्र हो गया। गांव के लोगों ने बताया कि होशियार सिंह काफी मिलनसार थे। जब भी वह अवकाश पर घर आते तो गांव के सभी लोगों से प्रेमपूर्वक मिलते थे।