पिथौरागढ़। नगर की सड़कों पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के लिए प्रयोग के तौर पर शुरुआती चरण में कुछ संपर्क मार्गों को छोटे वाहनों के लिए खोला जाएगा। यह निर्णय यातायात सुझाव एवं सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया।
सीओ शेखर सुयाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर की सड़कों पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के लिए समिति के सदस्यों से सुझाव लिए गए। सदस्य मनोज जोशी ने सुझाव दिया कि कुछ संपर्क मार्गों को खोल दिया जाए तो मुख्य मार्गों पर छोटे वाहनों का दबाव कम किया जा सकता है। इस पर बृहस्पतिवार को सीओ और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने नगर के मुख्य मार्गों का पैदल भ्रमण किया।
यातायात प्रभारी दरबान सिंह मेहता ने बताया कि शुरुआती चरण में टकाना तिराहा से राजा होटल और बियरशिवा स्कूल से संपर्क मार्ग वाली गली में प्रयोग किया जाएगा। मुख्य मार्गों पर लगे विद्युत पोल और उनमें लगे मीटरों को हटाने के लिए विद्युत विभाग को लिखा गया है। पार्किंग स्थलों पर लगे कूड़ेदानों से हो रही समस्या के बारे में पालिका प्रशासन को बताया गया है। बैठक में समिति के सदस्य जनक जोशी, कमल पुनेड़ा, संजय शरण, डॉ. मयंक बिष्ट, गिरीश उप्रेती, हरीश जोशी, त्रिलोक महर, गणेश जंग थापा आदि थे।