पिथौरागढ़। शिक्षा विभाग ने पब्लिक स्कूलों को आरटीई के तहत सौ फीसदी प्रवेश के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्हें कानून के मुताबिक स्कूल संचालन की व्यवस्थाओं को पूरा करने को कहा है। आरटीई के प्रावधानों को लागू करने के लिए आयोजित कार्यशाला में स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र विण में आरटीई कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा अधिकारियों ने स्कूल संचालकों को प्रावधानों की बारीकी से जानकारी दी। मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. वीपी सिमल्टी ने स्कूल संचालकों को आरटीई के तहत सौ फीसदी प्रवेश देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल संचालकों को एनसीईआरटी की किताबों को लागू करने, दोबारा एडमिशन शुल्क नहीं लेने को कहा।
साथ ही स्कूलों में पेयजल, शौचालय, खेल मैदान आदि बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने हर स्कूल में सीसीटीवी लगाने के साथ ही बसों के संचालन में मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी शौकत अली, शिक्षक दिनेश रावत, राजेंद्र जोशी समेत कई अभिभावक भी थे।