थल (पिथौरागढ़)। संचार कंपनियों की सेवाओं से परेशान हो चुके उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र की संचार कंपनियों को चेतावनी दी कि यदि सेवा में सुधार नहीं लाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इंटरनेट सेवा ठप होने से डाकघर में एक महीने से काम ठप पड़ा है। इसके अलावा बैंकों और तहसील के काम पर भी असर पड़ा है। थल में बीएसएनएल की सेवाओं के साथ-साथ निजी कंपनियों की भी सेवाएं हैं, लेकिन किसी से भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। इसका असर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों, ऑनलाइन आवेदन करने वालों पर पड़ रहा है।
स्थानीय युवा राजू पंचपाल के नेतृत्व में एकत्र उपभोक्ताओं ने कहा कि कस्बों के साथ ही गांवों में लोग संचार कंपनियों की मनमानी से परेशान हैं। प्रदर्शन में सुनील सत्याल, दीपक सामंत, देवराज सत्याल, खुशाल सिंह, रवि सिंह, हर्ष सिंह रावत, भूपेंद्र रावत आदि थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संचार कंपनियों की मनमानी का असर 15 हजार उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। इन कंपनियों का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी यहां नहीं रहता।